Friday, August 31, 2018

लुधियाना शेल्‍टर होम मामला : यहां कराया जाता था मासूमों का जबरन धर्मांतरण, कई बच्चे लापता


झारखंड और बिहार से कथित रूप से तस्करी करके ३४ बच्चों को पंजाब के लुधियाना ले जाया गया। वहां बच्चों का कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कर ईसाई बना दिया गया जिसमें अधिकतर बच्चे आदिवासी हैं। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक जी क्रांति कुमार ने बताया कि लुधियाना में मिशनरी द्वारा संचालित किए जा रहे बच्चों के आश्रय स्थल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कुमार ने बताया कि चाईबासा में बाल कल्याण समिति की सदस्य ज्योत्सना तिर्की द्वारा २४ अगस्त को दर्ज शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई।
उन्होंने बताया कि बिहार और झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में चाईबासा से ३४ बच्चों को लुधियाना में मिशनरी द्वारा संचालित किए जा रहे बच्चों के आश्रय स्थल में गैर कानूनी रूप से रखने का दावा करने वाली मीडिया की खबर पर यह शिकायत आधारित थी। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस के दल को लुधियाना भेजा गया और झारखंड पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर चाईबासा लाया जाएगा।
कुमार ने बताया कि पुलिस टीम के कथित मानव तस्करी की घटना के खुलासे के लिए वहां पहुंचने के बाद वापस सिंहभूम भेजे गए २० बच्चों में से १२ बच्चों से संपर्क किया गया। पुलिस बाकी बच्चों को तलाश करने की कोशिश कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि झारखंड और बिहार से लाए गये ३४ बच्चों को पहले लुधियाना में गैर कानूनी स्कूल में भर्ती कराया गया और बाद में शहर के एक अन्य स्कूल में दाखिल कराया गया।
कथित धर्म परिवर्तन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यहंirज जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा लेकिन प्रथम दृष्टया रिपोर्ट के अनुसार कुछ बच्चों का धर्म परिवर्तन कराया गया। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में तभी कुछ कह सकते है जब गिरफ्तार व्यक्ति को यहां लाया जाएगा।
स्त्रोत : जनसत्ता

Thursday, August 30, 2018

गुजरात : कान्वेंट स्कूल में शिक्षक ने छात्रों की कलाई से ‘राखी काटी’


अहमदाबाद : गांधीनगर के एक विद्यालय में शिक्षक द्वारा छात्रों की कलाई से जबरन राखी काटने के आरोपों के बाद गुजरात सरकार ने विद्यालय से सफाई मांगी है। कुछ माता-पिता ने शिक्षा विभाग को शिकायत की थी कि माउंट कारमेल हाई स्कूल के एक शिक्षक ने रक्षाबंधन के अगले दिन पांचवी कक्षा के छात्रों की कलाइयों पर बंधी राखियों को कैंची से काट दिया।
शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि, विद्यालय को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘घटना अनुचित है। हम ऐसा कोई कृत्य सहन नहीं करेंगे जो धार्मिक भावनाओं को आहत करता हो। मेरे विभाग ने विद्यालय को नोटिस जारी किया है और पूछा है कि यह किसने किया और किसने इसके लिए आदेश दिए थे। जवाब मिलने के बाद हम आगे निर्णय लेंगे।’
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने कथित घटना को लेकर बुधवार को विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। एबीवीपी नेता ऋषिकेश मंडलिया ने दावा किया कि जब प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय प्रबंधक से इस बारे में कहा तो उन्होंने ऐसी किसी घटना का खंडन किया। स्कूल प्रशासन टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं था।
स्त्राेत : नवभारत टाइम्स

Sunday, August 26, 2018

आयरलैंड पहुंचे पोप फ्रांसिस ने कहा, ‘चर्च में यौन शोषण शर्मसार करनेवाला’



डबलिन : पोप फ्रांसिस ने शनिवार को आयरलैंड में चर्च में बच्चों के शोषण को लेकर अपनी गहरी चिंता जताई। कुछ दिन पहले ही आयरलैंड के चर्च में वर्षों तक बच्चों के यौन शोषण की घटना की खबर आई थी। इसके बाद दुनियाभर में इसकी काफी आलोचना हुई थी और पोप का दौरा इस घटना के सामने आने के बाद काफी संवेदनशील माना जा रहा है।
आयरलैंड दौरे के दौरान पोप फ्रांसिस ने एक राज्य प्रायोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। चार दशक पहले तत्कालीन पोप ने आयरलैंड का दौरा किया था। पोप फ्रांसिस के इस इवेंट में चर्च में हुए यौन शोषण के शिकार कुछ लोगों ने भी हिस्सा लिया था। इस घटना पर अफसोस जताते हुए पोप ने कहा, ‘ऐसी घटना न केवल हमारे लिए बल्कि चर्च के लिए भी बहुत शर्मनाक है।’ उन्होंने यह भी कहा कि मैं संकल्प लेता हूं कि इस तरह की शर्मनाक घटना फिर से न हो इसके लिए सभी कदम उठाए जाएंगे।
१९७९ में जब पोप डॉन पॉल II ने आयरलैंड का दौरा किया था तब देश की दो तिहाई जनता उन्हें देखने के लिए घरों से बाहर निकली थी। उस समय आयरलैंड में तलाक और गर्भनिरोधक दवाओं का प्रयोग भी वर्जित था। इसकी तुलना में पोप फ्रांसिस के स्वागत के लिए लोगों में उस तरह का उत्साह देखने के लिए नहीं मिला। चर्च में सालों तक यौन शोषण की घटनाओं के सामने आने के बाद चर्च की नैतिक संस्था के तौर पर मानने के लोगों के विश्वास में कमी आई है। पिछले ३ साल में आयरलैंड ने धार्मिक मान्यताओं को तोड़नेवाले कई कानूनों को जनमत संग्रह में मान्यता दी है। अबॉर्शन और गे मैरिज को जनमत संग्रह के जरिए ही कानूनी मान्यता मिल सकी।
आयरलैंड के प्रधानमंत्री लियो वराडकर समलैंगिक अधिकारों के मुखर पक्षधर रहे हैं। आयरलैंड के पहले गे लीडर वराडकर ने पोप फ्रांसिस से कहा कि चर्च में बच्चों का सिलसिलेवार यौन शोषण को लेकर आयरलैंड में दुख का माहौल है। पीडितों के न्याय और मानसिक सुकून के लिए अभी भी बहुत कुछ और किया जाना बाकी है।
स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Saturday, August 18, 2018

पेंसिल्वेनिया : धार्मिक अनुष्ठान और नर्क में जाने का डर दिखाकर पादरियों ने १००० बच्चों का किया रेप


गलतियों को स्वीकार करनेवाले ‘कन्फेशन’ प्रक्रिया का उपयोग पादरियों ने बच्चों को प्रताडित करने के लिए किया !

पेंसिल्वेनिया में एक ग्रैंड ज्यूरी ने अपनी जांच में पाया है कि राज्य में रोमन कैथोलिक पादरियों ने धार्मिक अनुष्ठानों, चिह्नों और नर्क में जाने की धमकी देकर १००० से ज्यादा बच्चों का यौन उत्पीडन और बलात्कार किया ! देश के शीर्ष अभियोजक ने इसे ‘‘धर्म का उपयोग हथियार की तरह करना’’ बताया है ! मंगलवार को जारी इस ८८४ पन्ने की जांच रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि पादरियों ने बच्चों के धार्मिक विश्वास और चर्च में विश्वास का उपयोग यौन शोषण और अपराध के बाद उन्हें चुप कराने के लिए किया। इस रिपोर्ट में पादरियोंद्वारा प्रताडित किए गए लोगों ने स्तब्ध कर देनेवाली घटनाओं का उल्लेख किया है !
एटार्नी जनरल जोश शापिरो
रिपोर्ट के अनुसार एक पादरी ने एक पीडित को ‘प्रार्थना अवस्था’ में रस्सियों से बांध दिया और जब उसने यौन संबंध बनाने से इंकार कर दिया तो इससे पादरी गुस्सा हो गया और उसने सात इंच की क्रूसफिक्स (क्रॉस के चिह्न वाली) छडी का उपयोग उसका यौन उत्पीडन करने के लिया किया। वहीं एक अन्य पीडित ने बताया कि पादरी ने धातु की छडी का उपयोग उसे पीटने के लिए किया। इसके अलावा रिपोर्ट में एक अन्य पीडित का उल्लेख है जिसे चार पादरियों ने ईसा की मुद्रा में नंगे खडा करके उसकी तस्वीरें खिंची !
रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गलतियों को स्वीकार करनेवाले ‘कन्फेशन’ प्रक्रिया का उपयोग पादरियों ने बच्चों को प्रताडित करने के अवसर के रूप में किया ! रिपोर्ट में बताया गया कि १९४० के बाद से १००० से अधिक बच्चों का यौन उत्पीडन पादरियों ने किया। इस मामले में केवल दो पादरियों पर आरोप लगाए गए हैं क्योंकि इनमें से ज्यादातर को पिछले कई वर्षों में दोषी ठहराया जा चुका है। वहीं १०० से ज्यादा आरोपियों की मौत हो चुकी है और कई अन्य सेवानिवृत्त हैं !
Pennsylvania Attorney General Josh Shapiro announces the Grand Jury report (Matt Rourke/AP)
एटार्नी जनरल जोश शापिरो ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में ग्रैंडज्यूरी की रिपोर्ट को पेश करते हुए बताया, ‘‘हर डायोसिस में हमलावरों ने कैथोलिक धर्म को हथियार बनाया और इसका उपयोग बच्चों के यौन उत्पीडन के लिए किया गया !’’ एक अन्य चर्च में एक पादरी ने एक बच्चे से कहा कि स्वर्ग में जाने के लिए उसे यौन इच्छा तो पूरी करनी ही होगी ! इसके बाद तीन साल तक उस बच्चे का पादरी ने तब तक यौन उत्पीडन किया जब तक कि उसका तबादला नहीं हो गया ! ग्रैंड ज्यूरी की रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने के दिन सामने आए एक मामले में एक पादरी ने यौन शोषण करने के बाद बच्चे के मुंह को पवित्र जल से धोया !
स्त्रोत : जनसत्ता

Thursday, August 16, 2018

१ चर्च, ७० साल, ३०० पादरी और १००० बच्चों के साथ बलात्कार की दिल दहलाने वाली कहानी


चर्च के पादरीयों की हैवानियत

वॉशिंगटन : अमेरिका के पेन्सिलवेनिया से एक हैरान करने वाली रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कहा जा रहा है कि एक कैथोलिक चर्च में पादरियों ने १,००० से ज्यादा बच्चों का यौन शोषण किया है और यह काम पिछले कई दशकों से चल रहा था। ग्रांड ज्यूरी की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग ३०० पादरियों ने पिछले ७० सालों से इस घिनौने काम को अंजाम दिया है। माना जा रहा कि १९४० से बच्चों के साथ बलात्कार और यौन शोषण का कम चल रहा था, जिसमें कई सीनियर चर्च अधिकारी भी शामिल है, जो अब वॉशिंगटन डीसी में आर्कबिशप बने बैठे हैं।
इस रिपोर्ट के अनुसार, कई पीडित आगे नहीं आ पाए हैं और कई अपराधी पादरियों के रिकॉर्ड्स को चर्च ने गायब कर दिया है, इसलिए यह आकंलन लगाना गलत नहीं होगा कि पीडित बच्चों की संख्या बढ भी सकती है। इस रिपोर्ट ने दावा किया है कि चर्चों ने कई पादरियों के बचाने का भी प्रयास किया है।
रिपोर्ट ने कहा, ‘सबसे बडी बात यह है कि बच्चों की मदद नहीं की गई, परंतु इस पूरे स्कैंडल को नजरअंदाज किया गया। तथाकथित अपने आप को ईश्वर बताने वाले लोगों ने चर्च में सालों से मासूम लडकों और लडकियों का बलात्कार किया। वे ना केवल इस घिनौने करतूतों के लिए जिम्मेदार थे, बल्कि उन्होंने इसको बडी चालाकी के साथ छुपाया भी है।’ रिपोर्ट में दुर्व्यवहार के भयानक दास्तां शामिल हैं, जिसमें एक पादरी ने तो अस्पताल में लडकी के टॉन्सिल निकालने के बाद भी उसका बलात्कार कर दिया था। वहीं, एक अन्य पादरी ने १७ वर्षीय लडकी को अपनाने के बाद, उसे चर्च में रहने की इजाजत दी थी और शादी प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद उस लडकी को डाइवोर्स दे दिया था।
लगभग हर मामले में, अभियोजकों ने पाया कि कई पादरियों पर अपराधिक मुकदमा नहीं चलाया जा सकता है, क्योंकि कई तो रिटायर्ड हो चुके हैं और १०० से अधिक पादरियों की मौत भी हो चुकी है। अधिकारियों ने फिलहाल दो पादरियों को दोषी ठहराया है, जिसमें से एक दोषी पाया जा चुका है। अटॉर्नी जनरल जोश शापिरो ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है।
स्त्रोत : वन इंडिया

Monday, August 13, 2018

केरल : महिला से यौन शोषण मामले में २ पादरियों ने किया सरेंडर


केरल में ३४ साल की महिला के साथ यौन शोषण मामले में दो पादरियों ने स्थानीय न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। उच्चतम न्यायालय ने पादरियों की अग्रिम जमानत खारिज करते हुए उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया था। जिसके बाद इस मामले में आरोपी पाए गए ४ में से २ पादरियों ने तिरुवल्ला सेशन कोर्ट में सोमवार को सरेंडर कर दिया।
इससे पहले इस मामले में आरोपी जॉब मैथ्यू नाम के एक और पादरी ने कोलम में आत्मसमर्पण किया था। इस मामले में पुलिस ने तीन पादरियों पर बलात्कार और एक पादरी पर छेडछाड का मामला दर्ज किया था।

क्या था मामला ?

पीडित महिला ने मलनकारा सीरियन ऑर्थाडॉक्स चर्च के पादरियों पर रेप का आरोप लगाया था। महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि पांच पादरियों ने उसका यौन शोषण करने के बाद ब्लैकमेल किया।
पीडित महिला के पति ने कहा कि मेरी पत्नी का यौन शोषण किया गया। उसे पादरी के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। जब उसने तीन पादरियों से मदद मांगी तो उन्होंने भी उसका शोषण किया। एक पादरी ने उसे ब्लैकमेल भी किया।
स्त्राेत : फर्स्टपाेस्ट

Friday, August 10, 2018

मिशनरी से केवल २८० बच्चे नहीं हैं गायब, मानव तस्करी का बुरी तरह शिकार है भारत !


रांची के ईस्ट जेल रोड की मिशनरी ‘निर्मल हृदय’ से बच्चों की बिक्री का मामला अब देशव्यापी मानव तस्करी का पर्दाफाश कर रहा है ! झारखंड ही नहीं, अपितु उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में बच्चों को बेचने की बात सामने आ रही है !

पहले इन आंकड़ों पर गौर कर लीजिए

देश के विभिन्न हिस्सों में बच्चों के चोरी हो जाने का जो डर है उसे पूरी तरह बेबुनियाद नहीं कहा जा सकता। खासतौर पर गृह मंत्रालय की ओर से जारी वर्ष २०१६ के आंकड़ों को देखते हुए जिनके अनुसार, उस वर्ष भारत से करीब ५५,००० बच्चों को अगवा किया गया है। यह आंकड़ा एक वर्ष पहले के आंकड़ों के मुकाबले ३० प्रतिशत अधिक है ! गृह मंत्रालय की २०१७-१८ की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष २०१६ में ५४,७२३ बच्चे अगवा हुए किंतु केवल ४०.४ प्रतिशत मामलों में ही आरोप पत्र दाखिल किए गए।
वर्ष २०१६ में बच्चों के अपहरण के मामलों में दोष साबित होने की दर महज २२.७ प्रतिशत रही। वर्ष २०१५ में ऐसे ४१,८९३ मामले दर्ज किए गए जबकि वर्ष २०१४ में यह संख्या ३७,८५४ थी। वर्ष २०१७ के आंकड़े अभी पेश नहीं किए गए हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘हाल में हुए पीट-पीटकर हत्या के ज्यादातर मामलों के पीछे सोशल मीडिया पर बच्चा उठाने की अफवाहें थी। आंकड़े बताते हैं कि बच्चों के अपहरण का डर, खासकर ग्रामीण इलाकों में, पूरी तरह से बेबुनियाद नहीं है।

‘निर्मल हृदय’ का काला सच


बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), जिला समाज कल्याण अधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ), पुलिस और अन्य अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्मल हृदय में रहीं पीड़िताओं से जन्मे और शिशु भवन में रखे गए २८० बच्चों का कोई अता-पता नहीं है ! अब तक की जांच के दौरान जब्त किए गए कागजात के अनुसार २०१५ से २०१८ तक उक्त दोनों जगहों (निर्मल हृदय, शिशु भवन) में ४५० गर्भवती पीड़िताओं को भर्ती कराया गया। इनसे जन्मे १७० बच्चों को सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत किया गया या जानकारी दी गई। शेष २८० बच्चों का कोई अता-पता नहीं है !

क्या है पूरा मामला ?

इसकी गहन जांच की जा रही है कि ये बच्चे कहां हैं ? यह खेल लंबे समय से चल रहा है। इस काले धंधे से जुड़े लोगों की पहुंच इतनी है कि बच्चों की खरीद-बिक्री के खेल पर हाथ डालनेवाले सीडब्ल्यूसी के तत्कालीन अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह और सदस्य मु. अफजल को इन्होंने बर्खास्त करा दिया था। इन दोनों अधिकारियों पर छेड़छाड़ का आरोप मढ़कर सुनियोजित साजिश रचकर हटवा दिया गया था। मामला २०१५ का है। अध्यक्ष और सदस्य डोरंडा स्थित शिशु भवन का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान उन्हें वहां घुसने से रोका गया था। जबरन जांच की बात कह घुसे तो छेड़छाड़ का आरोप लगाकर बर्खास्त करा दिया गया !
मिशनरीज ऑफ चैरिटी की ओर से संचालित ‘निर्मल हृदय’ आश्रम से नाबालिग अविवाहित मां के दो माह के बच्चे को बेच दिया गया था। आश्रम की स्टाफ और सिस्टर की मिलीभगत से इस घटना को अंजाम दिया गया। मामले में रांची बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसे लेकर निर्मल हृदय में काम करनेवाली स्टाफ अनिमा इंदवार और सिस्टर कांसिलिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
हाल ही गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उन घटनाओं का पता लगाने को कहा था जिनमें सोशल मीडिया पर बच्चा उठाने की अफवाहों के बाद भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या की घटना को अंजाम दिया। बीते दो महीने में बच्चा चोरी के संदेह में २० से ज्यादा लोगों की पीट-पीटकर हत्या की जा चुकी है ! हाल की घटना एक जुलाई को महाराष्ट्र के धुले में हुई जिसमें बच्चा चोर होने के शक में पांच लोगों की हत्या कर दी गई।

मानव तस्करी के ८००० मामले

गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार साल २०१६ में देश में मानव तस्करी के ८१३२ मामले दर्ज किए गए। बच्चों के खिलाफ अपराध के १.०६ लाख मामले भी दर्ज किए गए। ये साल २०१५ की तुलना में १३.६ प्रतिशत अधिक थे !
स्त्रोत : अमर उजाला