Sunday, June 24, 2018

खूंटी गैंगरेप मामले में ४ पादरी हिरासत में, बलात्कार करने वाले सभी उग्रवादी


सभी आरोपी उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सदस्य

पुलिस द्वारा जारी की गई एक आरोपी की तस्वीर
खूंटी : झारखंड के खूंटी जिला के अडकी प्रखंड के कोचांग में एक एनजीओ से जुडी पांच लडकियों के साथ हुए सामुहिक बलात्कार के मामले में १२ लोगों को हिरासत में लिया गया है । पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार पादरी और दो शिक्षक को भी हिरासत में लिया है । पादरियों पर सामुहिक बलात्कार मामले को दबाने का आरोप है । पुलिस पादरी के खिलाफ कार्रवाई भी कर सकती है ।
सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार से इस मामले में फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की मांग की है । भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल सहदेव ने इस मामले में छह महीने के अंदर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है ।
खूंटी के अडकी के कोचांग में पांच युवतियों के साथ हुए सामुहिक बलात्कार मामले में हिरासत में लिया गए संदिग्धों में चार पादरी भी शामिल हैं । मिली जानकारी के अनुसार, सामुहिक बलात्कार को जहां अंजाम दिया गया वहां मिशनरियों की संस्था थी ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सामुहिक बलात्कार पीडिता ने वीडियो के सहारे आरोपियों की पहचान की है । इस घटना को तिनतीला गांव निवासी कुशल मुंडा और उसके सहयोगियों ने अंजाम दिया । कुशल मुंडा पीएलएफआई उग्रवादी संगठन का सक्रिय सदस्य है । दुष्कर्म के दौरान बनाए गए वीडियो से आरोपियों की पहचान हुई ।
खूंटी दुष्कर्म मामले में विपक्ष ने रघुवर सरकार पर जोरदार हमला बोला है । विपक्ष का कहना है कि सामुहिक बलात्कार की घटना के बाद रघुवर दास की सरकार को बने रहने का कोई हक नहीं है । नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में अब ऐसी घटनाओं से उन्हें आश्चर्य नहीं होता । हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड अब बलात्कार और भूख से मरने वालों की घटनाओं के लिए ही जाना जाता है ।
स्त्रोत : ज़ी न्यूज़

२३ जून २०१८

शर्मनाक : झारखंड में ५ महिला कार्यकर्ताओं का अपहरण कर सामुहिक बलात्कार

झारखंड : यहां के खूंटी जिले के अडकी प्रखंड के कोचांग गांव में पांच युवतियों के साथ दिनदहाडे सामुहिक बलात्कार किया गया । मानवता को शर्मसार करनेवाली यह घटना मंगलवार को दिन के एक बजे हुई ! पहले इस घटना को दबाने का प्रयास किया गया, परंतु बाद में मामला खुल गया । सूचना के बाद गुरुवार को खूंटी पहुंचे डीआईजी एवी होमकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस शर्मनाक वारदात को पत्थलगडी समर्थकों ने अंजाम दिया है । मामले की जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस की तीन स्पेशल टीमों का गठन किया गया है ।
जानकारी के अनुसार पांचों युवतियां एक नाट्य संगठन में काम करती हैं । पलायन और मानव तस्करी के खिलाफ काम कर रहे एक संगठन के लिए वे नुक्कड नाटक करने कोचांग गई थीं । पीडिताओं में एक शादीशुदा है !

क्या हुआ था

मंगलवार को एक गाडी से संगठन के लोग कोचांग में नक्कड नाटक करने गये थे । कोचांग की दूरी खूंटी जिला मुख्यालय से लगभग ४५ किलोमीटर है । नाटक करनेवाली टीम में पांच युवतियों समेत समेत कुल ११ लोग शामिल थे । नाटक का आयोजन कोचांग के आरसी चर्च परिसर स्थित आरसी मिशन स्कूल में था । दोपहर एक बजे कुछ हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और नाटक का प्रदर्शन रुकवा दिया । इसके बाद उन लोगों ने नाटक में शामिल सभी युवतियों और अन्य को जबर्दस्ती उसी गाडी में बैठा लिया, जिससे वे लोग वहां पहुंचे थे ।
गांव के लोगों के अनुसार इन युवतियों को लेकर अपहर्ता पास के जंगल में चले गये । लगभग तीन घंटे के बाद अपहर्ताओं ने टीम के सभी सदस्यों को छोड दिया । इस दौरान उन लोगों ने टीम में शामिल पांचों युवतियों के साथ दुष्कर्म किया !

वीडियो भी बनाया

दुष्कर्म की घटना का वीडियो बनाये जाने की बात भी सामने आ रही है ! घटना को अंजाम देनेवालों ने युवतियों को धमकाया था कि वे ये बात किसी को नहीं बताएंगी और उन्हें जब बुलाया जाए वे आएंगी । ऐसा नहीं करने पर वीडियो वायरल कर दिया जाएगा । डीआईजी ने कहा कि वीडियो की जानकारी अब तक पुलिस के पास नहीं आई है । उन्होंने कहा कि पीडिताओं की सुरक्षा और पुनर्वास की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन निभाएगा ।

एसपी पहुंचे कोचांग

घटना के बाद मामले की जांच करने और घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा समेत जिले के कई पुलिस अधिकारी और काफी संख्या में पुलिस के जवान कोचांग पहुंचे । पुलिस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है ।

खूंटी दुष्कर्म मामला : पुलिस ने कहा, ‘लडकियां गिडगिडाती रहीं, फादर ने दुष्कर्मियों को नहीं रोका, केवल सिस्टर्स को बचाया’

  • १९ जून को पत्थलगडी वाले इलाके में सामूहिक दुष्कर्म हुआ था !

  • पत्थलगडी इलाके में ग्राम सभाओं का खौफ इतना है कि पुलिस भी जाने से कतराती है !

स्टॉपमन स्कूल जहां लडकियां नुकड नाटक करने गई थीं
रांची : झारखंड के खूंटी में मानव तस्करी के खिलाफ जागरुकता फैलाने के लिए नुक्कड नाटक करने गईं ५ लडकियों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नए खुलासे हुए हैं ! जब इन लडकियों का अपहरण हुआ था, तब वे कोचांग इलाके के स्टॉपमन मेमोरियल स्कूल में ३०० बच्चों के सामने नुक्कड नाटक कर रही थीं। इस स्कूल के सचिव एक फादर हैं !
एक पीडिता ने दैनिक भास्कर को बताया कि हम लोग गिडगिडाने लगे, माफी मांगी कि अब कभी इस गांव में नहीं आएंगे। परंतु वे रुके नहीं। फादर ने भी मदद नहीं की !

पीडिता के दावे की पुलिस ने पुष्टि की

ये है दुष्कर्मियों में से एक की तस्वीर ! इसे पुलिस ने जारी किया है। कहा है दिखे तो फौरन सूचित करें। दुष्कर्म के आरोपियों की सूचना देने पर पुलिस ने ५० हजार का इनाम रखा है !
खूंटी के एसपी अश्विनी सिन्हा ने कहा कि आरोपी स्कूल से सिस्टर्स को ले जा रहे थे। तब फादर ने उन्हें कहा कि ये सिस्टर हैं, इन्हें न ले जाएं। परंतु फादर ने लडकियों को नहीं बचाया। फादर अल्फांसो आईंद पर दुष्कर्मियों को लडकियों को साथ ले जाने से न रोक पाने और पुलिस को सूचना नहीं देने का मामला दर्ज किया गया है।

पिस्तौल से धमकाकर अपहरण किया

एक पीडिता ने बताया, ‘”मंगलवार १९ जून को दोपहर १२:३० बजे हम लोग कोचांग के स्टॉपमन मध्य विद्यालय में बच्चों के बीच नुक्कड नाटक प्रस्तुत कर रहे थे। १५ मिनट बाद दो बाइक पर सवार पांच लोग वहां पहुंचे। उनकी उम्र २५ के आसपास थी। वे बोले-पुलिस की मुखबिरी करते हो। हम लोगों ने कहा कि हमारा काम केवल लोगों को जागरूक करना है। इसके बदले हमें पैसा मिलता है। इतना सुनते ही तीन युवकों ने पिस्तौल निकाल ली और धमकाकर गाडी में बैठने को कहा !’’

फादर ने कहा कि शी इज नन, इन्हें छोड दो

पीडिता ने कहा, ‘युवकों ने हम लोगों को उसी गाडी में बैठने को कहा जिससे हमारी टीम वहां पहुंची थी। एक युवक ने वहां खडी दोनों सिस्टर को भी गाडी में बैठने के लिए कहा। तभी वहां खडे फादर ने कहा कि शी इज नन, इन्हें छोड दो। बाद में युवक हम पांचों युवतियों को कुछ दूर आगे जंगल में ले गए। वे मारपीट करने लगे और कपडे उतारने को कहा। हम लोग गिडगिडाने लगे। माफी मांगी कि अब कभी इस गांव में नहीं आएंगे। इसके बाद उनकी दरिंदगी शुरू हो गई। सभी हमारे ऊपर टूट पडे और दुष्कर्म करना शुरू कर दिया। हमारे रोने का भी उनपर कोई असर नहीं पडा। करीब चार घंटे तक उन लोगों ने जानवरों जैसा सलूक किया। इस दौरान उन लोगों ने हमारे ही मोबाइल से हमारा वीडियो बनाया और फोटो खींची !’’
स्कूल की सिस्टर्स ने मीडिया से बातचीत में युवतियों के अपहरण की बात स्वीकारी

सिस्टर ने कहा- सब भूल जाओ

पीडिता ने बताया, ‘‘दुष्कर्म के बाद युवकों ने हमें स्कूल के पास लाकर छोड दिया। हम स्कूल पहुंचे तो सारी बात फादर और सिस्टर को बताई। उन्होंने कहा कि यह सब यहीं भूल जाओ। बात बाहर जाएगी तो मीडिया में फैल जाएगी। मैं इतना परेशान थी कि घर आकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। आत्महत्या करने का मन हो रहा था, परंतु हिम्मत कर अगले दिन यह बात एक दीदी को बताई। उन्होंने हिम्मत दी और इसकी जानकारी पुलिस के बडे अधिकारी को दी गई !’’

पत्थलगडी’वाले इलाके में हुआ दुष्कर्म

पत्थलगडी आदिवासी समाज की परंपरा है, जिसके जरिए गांव का सीमांकन किया जाता है, परंतु अब इसकी आड में गांव के बाहर अवैध तरीके से पत्थलगडी हो रही है। इसमें शामिल लोग ग्राम सभाओं में संविधान की गलत व्याख्या कर गांववालों को आंदोलन के लिए उकसा रहे हैं। इन ग्राम सभाओं का खौफ इतना बढ़ गया है कि पुलिस भी यहां जाने में कतराती है !
स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Saturday, June 9, 2018

महाराष्ट्र : सेंट जोसेफ स्कूल ने हिन्दू-मुस्लिम छात्रों को प्रवेश देने से किया मना




एनएसयूआई की अगुवाई में छात्रों ने जिला शिक्षा अधिकारी को सेंट जोसेफ विद्यालय के विरोध में शिकायत पत्र सौंपा है ।

वलसाड : महाराष्ट्र के वलसाड स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय पर धार्मिक भेदभाव फैलाने के आरोप लगे हैं । आरोप है कि यह विद्यालय हिन्दू और मुस्लिम छात्रों को प्रवेश देने में आनाकानी कर रहा है । इस विद्यालय में केवल ईसाई छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा है । छात्र बिलाल ने बताया कि जब वह विद्यालय में  प्रवेश पत्र (एडमिशन फॉर्म) लेने पहुंचा तो विद्यालय की एक महिला अध्यापक ने मना कर दिया । कहा कि फॉर्म समाप्त हो चुके हैं । वहीं छात्र नीलेश ने बताया कि, उसके १० वीं में ५९ प्रतिशत नंबर हैं, परंतु विद्यालय वालों ने प्रवेश देने से मना कर दिया । वहीं उसका दोस्त ईसाई है और उसके महज ३९ प्रतिशत नंबर हैं फिर भी उसे दाखिला मिल गया है ।
विद्यालय के इस रवैये की खबर इलाके में फैलने पर कांग्रेस पार्टी का यूथ विंग एनएसयूआई भी इसके विरोध में आ गया है । वलसाड यूथ कांग्रेस प्रमुख भार्गव दवे की अगुवाई में छात्रों ने जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा । इसमे विद्यालय पर धार्मिक भेदभाव फैलाने का आरोप लगाया गया है । आरोप लगाया गया है कि, विद्यालय केवल ईसाई छात्रों को प्रवेश दे रहा है ।
शिकायत पत्र में खासतौर से एक महिला अध्यापक पर आरोप लगाया गया है कि, वह प्रवेश पत्र लेने के लिए पहुंचने वाले छात्रों से उसका धर्म पूछती हैं । इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बीएम पटेल ने बताया सेंट जोसेफ विद्यालय के विरोध में शिकायत मिली है । विद्यालय पर हिन्दू-मुस्लिम छात्रों को प्रवेश नहीं देने का आरोप लगाया गया है ।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता है । शिकायत की जांच की जाएगी । अगर आरोप सही साबित होते हैं तो विद्यालय प्रशासन के विरोध में कार्रवाई की जाएगी ।
स्त्रोत : झी न्यूज

Friday, June 8, 2018

बप्तिस्मा कराने झील क‍िनारे थे पादरी, मगरमच्‍छ ने बना ल‍िया न‍िवाला


इथियोपिया : पादरी को निवाला बनाने के बाद मगरमच्छ वहां से भाग निकला था। बताया गया कि, जिस मगरमच्छ ने पादरी का शिकार किया, वह दुनिया की सबसे लंबी नदी- नील नदी में पाया जाने वाला मगर था। बडे होने पर उसकी लंबाई २० फुट तक जा सकती है। ४५ वर्षीय पादरी के साथ घटना के दौरान करीब ८० लोग मौजूद थे।
झील के किनारे एक पादरी भक्तों की भीड के साथ खड़े थे। अचानक पानी से बडा सा जीव छलांग लगाकर आया और उन पर टूट पड़ा। पादरी कुछ समझ पाते इससे पहले ही उस जीव ने उन्हें निवाला बना लिया था। असल में वह एक खूंखार मगरमच्छ था। वह इतनी फुर्ती में झील से निकला था कि आसपास खड़े भक्त भी उसके हमला भांप न सके थे।
यह घटना पूर्वी अफ्रीकी देश इथियोपिया की है। रविवार (३ जून) की सुबह ४५ वर्षीय पादरी दोशो एश्हेते तकरीबन ८० भक्तों के साथ मर्केब ताबया जिले में अबाया झील पहुंचे थे। वह यहां बप्तिस्मा (धर्म परिवर्तन) कराने आए थे। चश्मदीदों के अनुसार, पादरी एक के बाद एक भक्तों का धार्मिक शुद्धिकरण कर रहे थे, तभी झील से छलांग लगाते हुए एक बडा सा मगरमच्छ निकला था। उसने पादरी को बुरी तरह से अपने जबड़ों से जकड़ लिया था।
हालांकि, भीषण हमले के बीच कुछ मछुआरों ने अपने जाल से मगरमच्छ को काबू कर पादरी की मदद करने की कोशिश की थी। किंतु वे पादरी की जान नहीं बचा पाए। दोशो के पैरों, पीठ और हाथों में गंभीर जख्म थे, जिनके कारण मौके पर ही उन्होंने दम तोड दिया।
स्त्रोत : जनसत्ता