खूंटी दुष्कर्म मामला : पुलिस ने कहा, ‘लडकियां गिडगिडाती रहीं, फादर ने दुष्कर्मियों को नहीं रोका, केवल सिस्टर्स को बचाया’
१९ जून को पत्थलगडी वाले इलाके में सामूहिक दुष्कर्म हुआ था !
पत्थलगडी इलाके में ग्राम सभाओं का खौफ इतना है कि पुलिस भी जाने से कतराती है !

रांची : झारखंड के खूंटी में मानव तस्करी के खिलाफ जागरुकता फैलाने के लिए नुक्कड नाटक करने गईं ५ लडकियों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नए खुलासे हुए हैं ! जब इन लडकियों का अपहरण हुआ था, तब वे कोचांग इलाके के स्टॉपमन मेमोरियल स्कूल में ३०० बच्चों के सामने नुक्कड नाटक कर रही थीं। इस स्कूल के सचिव एक फादर हैं !
एक पीडिता ने दैनिक भास्कर को बताया कि हम लोग गिडगिडाने लगे, माफी मांगी कि अब कभी इस गांव में नहीं आएंगे। परंतु वे रुके नहीं। फादर ने भी मदद नहीं की !
पीडिता के दावे की पुलिस ने पुष्टि की

खूंटी के एसपी अश्विनी सिन्हा ने कहा कि आरोपी स्कूल से सिस्टर्स को ले जा रहे थे। तब फादर ने उन्हें कहा कि ये सिस्टर हैं, इन्हें न ले जाएं। परंतु फादर ने लडकियों को नहीं बचाया। फादर अल्फांसो आईंद पर दुष्कर्मियों को लडकियों को साथ ले जाने से न रोक पाने और पुलिस को सूचना नहीं देने का मामला दर्ज किया गया है।
पिस्तौल से धमकाकर अपहरण किया
एक पीडिता ने बताया, ‘”मंगलवार १९ जून को दोपहर १२:३० बजे हम लोग कोचांग के स्टॉपमन मध्य विद्यालय में बच्चों के बीच नुक्कड नाटक प्रस्तुत कर रहे थे। १५ मिनट बाद दो बाइक पर सवार पांच लोग वहां पहुंचे। उनकी उम्र २५ के आसपास थी। वे बोले-पुलिस की मुखबिरी करते हो। हम लोगों ने कहा कि हमारा काम केवल लोगों को जागरूक करना है। इसके बदले हमें पैसा मिलता है। इतना सुनते ही तीन युवकों ने पिस्तौल निकाल ली और धमकाकर गाडी में बैठने को कहा !’’
फादर ने कहा कि शी इज नन, इन्हें छोड दो
पीडिता ने कहा, ‘युवकों ने हम लोगों को उसी गाडी में बैठने को कहा जिससे हमारी टीम वहां पहुंची थी। एक युवक ने वहां खडी दोनों सिस्टर को भी गाडी में बैठने के लिए कहा। तभी वहां खडे फादर ने कहा कि शी इज नन, इन्हें छोड दो। बाद में युवक हम पांचों युवतियों को कुछ दूर आगे जंगल में ले गए। वे मारपीट करने लगे और कपडे उतारने को कहा। हम लोग गिडगिडाने लगे। माफी मांगी कि अब कभी इस गांव में नहीं आएंगे। इसके बाद उनकी दरिंदगी शुरू हो गई। सभी हमारे ऊपर टूट पडे और दुष्कर्म करना शुरू कर दिया। हमारे रोने का भी उनपर कोई असर नहीं पडा। करीब चार घंटे तक उन लोगों ने जानवरों जैसा सलूक किया। इस दौरान उन लोगों ने हमारे ही मोबाइल से हमारा वीडियो बनाया और फोटो खींची !’’

सिस्टर ने कहा- सब भूल जाओ
पीडिता ने बताया, ‘‘दुष्कर्म के बाद युवकों ने हमें स्कूल के पास लाकर छोड दिया। हम स्कूल पहुंचे तो सारी बात फादर और सिस्टर को बताई। उन्होंने कहा कि यह सब यहीं भूल जाओ। बात बाहर जाएगी तो मीडिया में फैल जाएगी। मैं इतना परेशान थी कि घर आकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। आत्महत्या करने का मन हो रहा था, परंतु हिम्मत कर अगले दिन यह बात एक दीदी को बताई। उन्होंने हिम्मत दी और इसकी जानकारी पुलिस के बडे अधिकारी को दी गई !’’
पत्थलगडी’वाले इलाके में हुआ दुष्कर्म
पत्थलगडी आदिवासी समाज की परंपरा है, जिसके जरिए गांव का सीमांकन किया जाता है, परंतु अब इसकी आड में गांव के बाहर अवैध तरीके से पत्थलगडी हो रही है। इसमें शामिल लोग ग्राम सभाओं में संविधान की गलत व्याख्या कर गांववालों को आंदोलन के लिए उकसा रहे हैं। इन ग्राम सभाओं का खौफ इतना बढ़ गया है कि पुलिस भी यहां जाने में कतराती है !
स्त्रोत : दैनिक भास्कर
No comments:
Post a Comment