Sunday, June 24, 2018

खूंटी गैंगरेप मामले में ४ पादरी हिरासत में, बलात्कार करने वाले सभी उग्रवादी


सभी आरोपी उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सदस्य

पुलिस द्वारा जारी की गई एक आरोपी की तस्वीर
खूंटी : झारखंड के खूंटी जिला के अडकी प्रखंड के कोचांग में एक एनजीओ से जुडी पांच लडकियों के साथ हुए सामुहिक बलात्कार के मामले में १२ लोगों को हिरासत में लिया गया है । पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार पादरी और दो शिक्षक को भी हिरासत में लिया है । पादरियों पर सामुहिक बलात्कार मामले को दबाने का आरोप है । पुलिस पादरी के खिलाफ कार्रवाई भी कर सकती है ।
सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार से इस मामले में फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की मांग की है । भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल सहदेव ने इस मामले में छह महीने के अंदर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है ।
खूंटी के अडकी के कोचांग में पांच युवतियों के साथ हुए सामुहिक बलात्कार मामले में हिरासत में लिया गए संदिग्धों में चार पादरी भी शामिल हैं । मिली जानकारी के अनुसार, सामुहिक बलात्कार को जहां अंजाम दिया गया वहां मिशनरियों की संस्था थी ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सामुहिक बलात्कार पीडिता ने वीडियो के सहारे आरोपियों की पहचान की है । इस घटना को तिनतीला गांव निवासी कुशल मुंडा और उसके सहयोगियों ने अंजाम दिया । कुशल मुंडा पीएलएफआई उग्रवादी संगठन का सक्रिय सदस्य है । दुष्कर्म के दौरान बनाए गए वीडियो से आरोपियों की पहचान हुई ।
खूंटी दुष्कर्म मामले में विपक्ष ने रघुवर सरकार पर जोरदार हमला बोला है । विपक्ष का कहना है कि सामुहिक बलात्कार की घटना के बाद रघुवर दास की सरकार को बने रहने का कोई हक नहीं है । नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में अब ऐसी घटनाओं से उन्हें आश्चर्य नहीं होता । हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड अब बलात्कार और भूख से मरने वालों की घटनाओं के लिए ही जाना जाता है ।
स्त्रोत : ज़ी न्यूज़

२३ जून २०१८

शर्मनाक : झारखंड में ५ महिला कार्यकर्ताओं का अपहरण कर सामुहिक बलात्कार

झारखंड : यहां के खूंटी जिले के अडकी प्रखंड के कोचांग गांव में पांच युवतियों के साथ दिनदहाडे सामुहिक बलात्कार किया गया । मानवता को शर्मसार करनेवाली यह घटना मंगलवार को दिन के एक बजे हुई ! पहले इस घटना को दबाने का प्रयास किया गया, परंतु बाद में मामला खुल गया । सूचना के बाद गुरुवार को खूंटी पहुंचे डीआईजी एवी होमकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस शर्मनाक वारदात को पत्थलगडी समर्थकों ने अंजाम दिया है । मामले की जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस की तीन स्पेशल टीमों का गठन किया गया है ।
जानकारी के अनुसार पांचों युवतियां एक नाट्य संगठन में काम करती हैं । पलायन और मानव तस्करी के खिलाफ काम कर रहे एक संगठन के लिए वे नुक्कड नाटक करने कोचांग गई थीं । पीडिताओं में एक शादीशुदा है !

क्या हुआ था

मंगलवार को एक गाडी से संगठन के लोग कोचांग में नक्कड नाटक करने गये थे । कोचांग की दूरी खूंटी जिला मुख्यालय से लगभग ४५ किलोमीटर है । नाटक करनेवाली टीम में पांच युवतियों समेत समेत कुल ११ लोग शामिल थे । नाटक का आयोजन कोचांग के आरसी चर्च परिसर स्थित आरसी मिशन स्कूल में था । दोपहर एक बजे कुछ हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और नाटक का प्रदर्शन रुकवा दिया । इसके बाद उन लोगों ने नाटक में शामिल सभी युवतियों और अन्य को जबर्दस्ती उसी गाडी में बैठा लिया, जिससे वे लोग वहां पहुंचे थे ।
गांव के लोगों के अनुसार इन युवतियों को लेकर अपहर्ता पास के जंगल में चले गये । लगभग तीन घंटे के बाद अपहर्ताओं ने टीम के सभी सदस्यों को छोड दिया । इस दौरान उन लोगों ने टीम में शामिल पांचों युवतियों के साथ दुष्कर्म किया !

वीडियो भी बनाया

दुष्कर्म की घटना का वीडियो बनाये जाने की बात भी सामने आ रही है ! घटना को अंजाम देनेवालों ने युवतियों को धमकाया था कि वे ये बात किसी को नहीं बताएंगी और उन्हें जब बुलाया जाए वे आएंगी । ऐसा नहीं करने पर वीडियो वायरल कर दिया जाएगा । डीआईजी ने कहा कि वीडियो की जानकारी अब तक पुलिस के पास नहीं आई है । उन्होंने कहा कि पीडिताओं की सुरक्षा और पुनर्वास की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन निभाएगा ।

एसपी पहुंचे कोचांग

घटना के बाद मामले की जांच करने और घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा समेत जिले के कई पुलिस अधिकारी और काफी संख्या में पुलिस के जवान कोचांग पहुंचे । पुलिस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है ।

No comments:

Post a Comment