
रांची के ईस्ट जेल रोड की मिशनरी ‘निर्मल हृदय’ से बच्चों की बिक्री का मामला अब देशव्यापी मानव तस्करी का पर्दाफाश कर रहा है ! झारखंड ही नहीं, अपितु उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में बच्चों को बेचने की बात सामने आ रही है !
पहले इन आंकड़ों पर गौर कर लीजिए
देश के विभिन्न हिस्सों में बच्चों के चोरी हो जाने का जो डर है उसे पूरी तरह बेबुनियाद नहीं कहा जा सकता। खासतौर पर गृह मंत्रालय की ओर से जारी वर्ष २०१६ के आंकड़ों को देखते हुए जिनके अनुसार, उस वर्ष भारत से करीब ५५,००० बच्चों को अगवा किया गया है। यह आंकड़ा एक वर्ष पहले के आंकड़ों के मुकाबले ३० प्रतिशत अधिक है ! गृह मंत्रालय की २०१७-१८ की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष २०१६ में ५४,७२३ बच्चे अगवा हुए किंतु केवल ४०.४ प्रतिशत मामलों में ही आरोप पत्र दाखिल किए गए।
वर्ष २०१६ में बच्चों के अपहरण के मामलों में दोष साबित होने की दर महज २२.७ प्रतिशत रही। वर्ष २०१५ में ऐसे ४१,८९३ मामले दर्ज किए गए जबकि वर्ष २०१४ में यह संख्या ३७,८५४ थी। वर्ष २०१७ के आंकड़े अभी पेश नहीं किए गए हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘हाल में हुए पीट-पीटकर हत्या के ज्यादातर मामलों के पीछे सोशल मीडिया पर बच्चा उठाने की अफवाहें थी। आंकड़े बताते हैं कि बच्चों के अपहरण का डर, खासकर ग्रामीण इलाकों में, पूरी तरह से बेबुनियाद नहीं है।
‘निर्मल हृदय’ का काला सच

बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), जिला समाज कल्याण अधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ), पुलिस और अन्य अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्मल हृदय में रहीं पीड़िताओं से जन्मे और शिशु भवन में रखे गए २८० बच्चों का कोई अता-पता नहीं है ! अब तक की जांच के दौरान जब्त किए गए कागजात के अनुसार २०१५ से २०१८ तक उक्त दोनों जगहों (निर्मल हृदय, शिशु भवन) में ४५० गर्भवती पीड़िताओं को भर्ती कराया गया। इनसे जन्मे १७० बच्चों को सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत किया गया या जानकारी दी गई। शेष २८० बच्चों का कोई अता-पता नहीं है !
क्या है पूरा मामला ?
इसकी गहन जांच की जा रही है कि ये बच्चे कहां हैं ? यह खेल लंबे समय से चल रहा है। इस काले धंधे से जुड़े लोगों की पहुंच इतनी है कि बच्चों की खरीद-बिक्री के खेल पर हाथ डालनेवाले सीडब्ल्यूसी के तत्कालीन अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह और सदस्य मु. अफजल को इन्होंने बर्खास्त करा दिया था। इन दोनों अधिकारियों पर छेड़छाड़ का आरोप मढ़कर सुनियोजित साजिश रचकर हटवा दिया गया था। मामला २०१५ का है। अध्यक्ष और सदस्य डोरंडा स्थित शिशु भवन का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान उन्हें वहां घुसने से रोका गया था। जबरन जांच की बात कह घुसे तो छेड़छाड़ का आरोप लगाकर बर्खास्त करा दिया गया !

मिशनरीज ऑफ चैरिटी की ओर से संचालित ‘निर्मल हृदय’ आश्रम से नाबालिग अविवाहित मां के दो माह के बच्चे को बेच दिया गया था। आश्रम की स्टाफ और सिस्टर की मिलीभगत से इस घटना को अंजाम दिया गया। मामले में रांची बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसे लेकर निर्मल हृदय में काम करनेवाली स्टाफ अनिमा इंदवार और सिस्टर कांसिलिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
हाल ही गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उन घटनाओं का पता लगाने को कहा था जिनमें सोशल मीडिया पर बच्चा उठाने की अफवाहों के बाद भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या की घटना को अंजाम दिया। बीते दो महीने में बच्चा चोरी के संदेह में २० से ज्यादा लोगों की पीट-पीटकर हत्या की जा चुकी है ! हाल की घटना एक जुलाई को महाराष्ट्र के धुले में हुई जिसमें बच्चा चोर होने के शक में पांच लोगों की हत्या कर दी गई।
मानव तस्करी के ८००० मामले
गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार साल २०१६ में देश में मानव तस्करी के ८१३२ मामले दर्ज किए गए। बच्चों के खिलाफ अपराध के १.०६ लाख मामले भी दर्ज किए गए। ये साल २०१५ की तुलना में १३.६ प्रतिशत अधिक थे !
स्त्रोत : अमर उजाला
No comments:
Post a Comment